एफएमडी टीकाकरण अपलोडिंग में प्रदेश में अव्वल रहा अलीगढ़
भारत पशुधन ऐप पर खुरपका-मुंहपका टीकाकरण में अलीगढ़ ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम ने विभागीय टीम की मेहनत की सराहना की। टीकाकरण अभियान से पशुपालकों की आर्थिक स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। 22 जुलाई से नए टीकाकरण चरण की शुरुआत होगी।

भारत पशुधन ऐप पर खुरपका-मुंहपका टीकाकरण की ऑनलाइन अपलोडिंग में अलीगढ़ प्रदेश में अव्वल रहा, जिसके लिए सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपर मुख्य सचिव, पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग मुकेश मेश्राम ने सम्मानित किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि यह सम्मान विभागीय टीम की सतत मेहनत, पारदर्शी कार्यप्रणाली और पशुपालकों के सहयोग का परिणाम है। भारत पशुधन ऐप पर समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत डाटा अपलोडिंग से टीकाकरण अभियान की प्रभावी निगरानी एवं पशुधन स्वास्थ्य प्रबंधन को नई गति मिली है। 22 जुलाई से जिले में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का नया चरण प्रारंभ किया जाएगा।
पशुपालकों को जागरूक करते हुए कहा है कि एफएमडी एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। नियमित एवं समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे विभागीय टीम के सहयोग से अपने गाय, भैंस एवं अन्य संवेदनशील पशुओं का निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अवश्य कराएं और अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पशुधन ही समृद्ध पशुपालक और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है।


