नहीं हो सके किशोरी के बयान, पुलिस को पूरी तरह होश में आने का इंतजार
छर्रा थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता पाँचवे दिन भी बयान नहीं दे सकी। किशोरी पूरी तरह बेहोश थी, जिसके कारण पुलिस ने बिना बयान वापस लौटना पड़ा। उसे जबरन शराब पिलाने के बाद दो आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस अब पीड़िता के पूरी तरह होश में आने का इंतजार कर रही है।

छर्रा (अलीगढ़), संवाददाता। छर्रा थाना क्षेत्र की दुष्कर्म पीड़िता के पांचवे दिन भी बयान नहीं हो सके हैं। किशोरी पूरी तरह बोलने की स्थिति में नहीं हैं। बुधवार को भी पुलिस मेडिकल कालेज पहंुची,मगर किशोरी के पूरी तरह होश में न होने पर बिना बयान के ही वापस लौट गई। अब पुलिस को पूरी तरह होश में आने का इंतजार हैं। बता दें कि कस्बा छर्रा के एक मोहल्ला निवासी 14 साल की किशोरी बीते शनिवार शाम को घर से सब्जी लेने गई थी। इसी बीच क्षेत्र के ही एक गांव निवासी किशन गोपाल पुत्र राजपाल व संजू पुत्र विजयपाल ने 50 रुपये और मोबाइल फोन दिलाने का लालच देकर उसे बाइक पर बिठाकर अपने घर ले गए।
वहां खुद शराब पीने के साथ किशोरी को भी जबरन शराब पिलाई। इसके बाद दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी चीखती रही। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो किशोरी बेहोशी की हालत में मिली थी। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उधर, नशे में धुत दोनों आरोपियों को लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि पीड़िता अभी पूरी तरह बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस मेडिकल कालेज गई थी,मगर बयान नहीं हो सके। पूरी तरह पीड़िता के होश में आने पर बयान दर्ज किए जाएगें।


