मंडलायुक्त ने स्टीमर से बाढ़ प्रभावित गांवों का किया निरीक्षण
अलीगढ़ के मंडलायुक्त ओपी आर्या ने पटियाली क्षेत्र में गंगा की बाढ़ प्रभावित गांवों का स्टीमर द्वारा निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और चिकित्सा टीमों को भेजकर मदद का आश्वासन दिया। बाढ़ राहत कार्यों के तहत स्वास्थ्य सेवाएं और साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

पटियाली क्षेत्र में गंगा की बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अलीगढ़ के मंडलायुक्त ओपी आर्या ने डीएम व एसपी के साथ स्टीमर में बैठकर निरीक्षण किया है। मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्रामीणों से उनकी समस्याओं के संबंध में संवाद कर हर संभव मदद का भरोसा दिया है। चिकित्सकों की टीमें गांवों में भेजकर ग्रामीणों का उपचार करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार की दोपहर अलीगढ़ के मंडलायुक्त ओपी आर्या ने पटियाली के बाढ़ प्रभावित गांव नगला नैनसुख एवं नगला जयकिशन का स्टीमर द्वारा निरीक्षण कर बाढ़ की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। डीएम प्रणय सिंह व एसपी ओपी सिंह व अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त के साथ में रहे।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों की टीम लगाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा टीकाकरण अभियान चलाकर लोगों का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, नियमित रूप से स्वच्छता एवं आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान कहा कि वर्तमान में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। कुछ स्थानों पर कटान की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जिस पर सिंचाई एवं बाढ़ खंड द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई है। मंडलायुक्त ओपी आर्या ने डीएम प्रणय सिंह व ओपी सिंह के साथ सनौढ़ी गांव में स्थित प्रेमादेवी करनसिंह इंटर कालेज स्थित राहत शिविर में लोगों का हाल जाना तथा उन्हें राहत सामग्री वितरित की। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अरुण कुमार, एडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी सुशांत सावरे व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


