गंगा के बाढ़ वाले क्षेत्रों में बनाई गई चौकियां हुई सक्रिय
सिराथू में गंगा के जल स्तर में अचानक वृद्धि से प्रशासन अलर्ट पर है। नायब तहसीलदार ने बताया कि बाढ़ की संभावित स्थिति के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लेखपालों और पुलिस को गंगा के जल स्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ चौकियों को भी सजग रखा गया है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

सिराथू, हिन्दुस्तान संवाद। गंगा में अचानक तेजी से जलस्तर में बढ़ोतरी से प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। सिराथू तहसील के नायब तहसीलदार विनय कुमार ने बताया कि बाढ़ को लेकर तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। लेखपालों, राजस्व कर्मियों और पुलिस टीम को गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है।उन्होंने बताया कि यदि आगामी दिनों में जलस्तर और बढ़ता है तो संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पहले से तैयारी कर रखी है।
इसके लिए त्वरित कार्रवाई दल का गठन किया गया है, जो किसी भी विषम परिस्थिति में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने का कार्य करेगा। प्रशासन ने गंगा किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही अपने घर के छोटे बच्चों को गंगा के गहरे जल में स्नान न करने के प्रति जागरूक करने का आवाहन किया है।


