अखिलेश यादव ने हरदोई में सपा नेता रामज्ञान गुप्ता से पूछा- 'अब तो पुलिस परेशान नहीं करती?'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बदायूं से लखनऊ लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर जोरदार स्वागत हुआ। हरदोई सीमा में सपाइयों ने उनके काफिले को फूलों से सराहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और 'मिशन 2027' का टास्क दिया। सपा ने नेताओं के साथ चुनावी सफलता के लिए पूरी ताकत झोंकने का संदेश दिया।

हरदोई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बदायूं से लखनऊ लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हरदोई सीमा में पहुंचते ही उत्साहित सपाइयों ने उनके काफिले पर फूलों की बारिश कर दी। कार्यकर्ताओं के इस भारी उत्साह को देख अखिलेश यादव ने अपना काफिला रुकवाया और उनसे मुलाकात की। एक्सप्रेस-वे पर इस पड़ाव के दौरान अखिलेश यादव ने हरदोई के सदर से नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता से मुलाकात की। सपा प्रमुख ने आत्मीयता से उनका हाथ थामकर हाल-चाल जाना और चुटकी लेते हुए पूछा, ‘अब तो पुलिस परेशान नहीं करती?’ अखिलेश यादव के इस सवाल पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
अखिलेश यादव ने बड़े ही अपनेपन के साथ ‘गुप्ता’ कहकर रामज्ञान गुप्ता को अपने पास बुलाया और कंधे पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाई। कार्यकर्ताओं को 'मिशन 2027' का टास्क सौंपा। उन्होंने चुनावी मंत्र देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में अभी से पूरी ताकत झोंक दें। कड़ी मेहनत कर हरदोई जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की साइकिल चलाकर दिखाएं। इस मौके पर मुख्य रूप से सपा नेता हरिनाम सिंह यादव, अवनीश यादव, बेहटा बुजुर्ग प्रधान सत्येंद्र यादव, राजेश यादव, शुभम गुप्ता, सौरभ यादव, आलोक, दीपक, विजय बहादुर,हरपाल सिंह आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


