भाजपा सरकार जौहर विवि को संकीर्ण राजनीति का शिकार बना रही: अखिलेश
- जौहर विवि बचाने की मुहिम में वह पूरी तरह से छात्रों व अभिभावकों के साथ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के मामले में छात्रों और अभिभावकों से कहा कि उसे बचाने की मुहिम में पूरी तरह से साथ हैं। उन्होंने कहा कि बदले की भावना में जल रही भाजपा सरकार जौहर यूनिवर्सिटी को अपनी संकीर्ण राजनीति का शिकार बनाने की कोशिश न करे।
जौहर विश्वविद्यालय का समर्थन
अखिलेश ने रविवार को जारी बयान में कहा है कि इस दुर्भावनापूर्ण पक्षपाती फैसले के हम खिलाफ हैं। सपा का छोटे-से-छोटा कार्यकर्ता, समर्थक, नेता इसके खिलाफ हैं। भाजपा सरकार बुलडोजर चलाने की निकृष्ट कोशिश कर रही है। हर विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है, हम ‘शिक्षा के मंदिर’ को बचाने के लिए देश भर से अपील करते हैं कि वो हमारे साथ आएं। विश्वविद्यालय में हर समाज के बच्चे पढ़ते हैं, क्या भाजपा अब हर समाज के युवाओं के विरुद्ध हो गई है।
भाजपा की गलत नीतियों का आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा का अहंकार ही ये सब गलत काम करा रहा है। अगर कहीं कुछ कागजी कमी है भी तो उसके पूरे करके यूनिवर्सिटी को बचाया जाए और स्टूडेंट्स के भविष्य को भी। यहां गरीबों के बच्चे पढते हैं, जिनके पास इतना पैसा नहीं होता कि वो भाजपाइयों की तरह अपने बच्चों को महंगे विश्वविद्यालय या विदेशों में पढ़ा सकें। सच तो ये है कि भाजपा शिक्षा के ही विरुद्ध है, क्योंकि शिक्षित लोग जागरूक और प्रगतिशील होते हैं, वो अन्याय के खिलाफ आवाज भी उठाते हैं और सवाल भी, जो दकियानूसी सोच वाली दमनकारी भाजपा की सत्ता को जरा भी रास नहीं आता है। इसीलिए भाजपाई और उनके संगी-साथी, गांव-गांव में प्राथमिक विद्यालय तथा अन्य स्थानों पर विश्वविद्यालय तक बंद करवाने की भूमिगत योजना बनाते रहते हैं।


