युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा तो जीडीपी के आंकड़ों का क्या मतलब : अखिलेश
- महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना- बोले- एक्सप्रेसवे पर खर्च बढ़ा, जनता को बताया जाए पैसा कहां जा रहाफोटो: 5 परिज

बिधूना, संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बेरोजगारी और महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार अर्थव्यवस्था और जीडीपी के बड़े आंकड़े बता रही है, लेकिन सवाल यह है कि इसका लाभ नौजवानों को कितना मिल रहा है। जब युवाओं को नौकरी और रोजगार नहीं मिल रहा, महंगाई से आम आदमी परेशान है तो विकास के आंकड़ों का क्या मतलब है। विकास का असर लोगों के जीवन में भी दिखाई देना चाहिए।
विकास परियोजनाओं पर सवाल
बिधूना में पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने विकास परियोजनाओं और एक्सप्रेसवे को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए परियोजनाओं की लागत और खर्च पर सवाल उठाए। आरोप लगाया कि विकास के नाम पर जनता के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि परियोजनाओं पर कितना पैसा खर्च किया जा रहा है और उससे जनता को क्या लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय बनाए गए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता और लागत की तुलना मौजूदा परियोजनाओं से की जानी चाहिए। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में निर्माण कार्यों की लागत बढ़ रही है। उन्होंने एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सरकार से इसका हिसाब देने की मांग की।
रोजगार के अवसर
अखिलेश ने कहा कि रोजगार किसी भी अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कसौटी है। अगर अर्थव्यवस्था बढ़ रही है तो उनका असर रोजगार के अवसरों पर भी दिखाई देना चाहिए। नौजवान नौकरी की तलाश में भटक रहे हों और आम परिवार महंगाई से परेशान हों तो केवल आंकड़े दिखाने से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा। बिधूना क्षेत्र की सड़कों की हालत पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि स्थानीय सड़कों की स्थिति देखकर विकास के दावों की वास्तविकता समझी जा सकती है। आपातकालीन पुलिस सेवा और एंबुलेंस व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसी सेवाओं को बेहतर बनाने की होनी चाहिए, जिससे जरूरत के समय लोगों को तत्काल मदद मिल सके। सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता और भाईचारा है। अलग-अलग जाति और धर्म के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होते आए हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा सनातनी, हिंदू या संत किसी दूसरे धर्म और व्यक्ति का अपमान नहीं कर सकता। देश की संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम की भावना वाली है और समाज को इसी रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल
समय पर सही इलाज मिलता तो बच सकती थी जान
sपा प्रमुख पार्टी नेता गौरव रघुवंशी के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने बिधूना पहुंचे थे। श्री वाटिका गेस्ट हाउस में उन्होंने गौरव को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना जताई। गौरव के निधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि गौरव हमारी पार्टी का बहुत जिम्मेदार कार्यकर्ता था। कम उम्र में उसका जाना बेहद दुखद है। समय पर उचित और सही दिशा में इलाज मिला होता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि मरीज को समय पर सही इलाज मिलना बेहद जरूरी है।


