यूपी विधानसभा चुनाव सपा व भाजपा के बीच होगा: अखिलेश
- वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझा रही भाजपा - आरक्षण था, आरक्षण

लखनऊ, विशेष संवाददाता
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन चुनाव समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा। जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को असली मुद्दों से भटकाना चाहती है। वंदे मातरम् के मुद्दे में लोगों को उलझा कर भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं जैसे मुद्दों को पीछे करना चाहती है। भाजपा जनता को उलझाना चाहती है। उन्होंने कहा कि आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा।
महंगाई और जनसमस्याएं
सपा मुखिया ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। भाजपा सरकार ने त्योहार में मंहगाई और बढ़ा दी है। अपने लोगों को मुनाफा कराने के लिए चीनी महंगी कर दी। भाजपा को जनता की चिंता नहीं है, बल्कि उद्योगपतियों को मुनाफा दिलाना है। उन्होंने कहा कि पहले बोरी में खाद चोरी हो रही थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।
पशुपालकों का शोषण
उन्होंने कहा कि लखनऊ में पशु पालकों के साथ अमानवीय व्यवहार एवं शोषण हो रहा है। लखनऊ के बुद्धेश्वर में नगर निगम ने पशुपालकों की 350 भैंसे जब्त कर ली है। प्रशासन अपनी नाकामी छुपाने के लिए डेयरी संचालकों का उत्पीड़न कर रहा है। भाजपा वाले अपनी सीटें तक नहीं बांट पा रहे थे, इसलिए उनकी सीटें मैंने बांट दीं। भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोरखपुर एक्सप्रेस-वे सात हजार करोड़ रुपये में बनाया गया। वह जगह-जगह उखड़ गई। गंगा एक्सप्रेस-वे ढह गया और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे भी फिर धंस गया।
शिक्षा व्यवस्था का पतन
अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। हम चाहते हैं कि बच्चों को गर्म खाना मिले। समाजवादी पार्टी की सरकार में जो बर्तन खरीदे गए थे, वही आज भी चल रहे हैं। 10 साल पुराने गिलास अभी भी इस्तेमाल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर के बाहर पैसे मांगने वाले लोग भी चोरी नहीं करते, लेकिन भाजपा वालों ने राम मंदिर में चोरी कर ली।


