भाजपा सरकार में पीडीए का जीना दूभर हो गया: अखिलेश
- साजिशन प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर हो रहे लीक लखनऊ, विशेष संवाददाता समाजवादी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में पीडीए समाज पर शोषण की इंतेहा हो चली है। भाजपा सरकार में हर अपराधी के हौसले बुलंद है। भाजपा सत्ता में जब से आई है पीडीए का जीना दूभर हो गया है।
भाजपा राज में परेशानियाँ
अखिलेश ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा राज में पीडीए को परेशानियां और दुश्वारियां उठानी पड़ रही है। संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण खतरे में है। नौकरियों में 11514 पीडीए के आरक्षण सीटों पर घोटाला किया गया है। पीडीए विरोधी भाजपा सरकार में किसी को भी न्याय नहीं मिल रहा है। पीडीए शिक्षित न हो इसके लिए भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है। अब तो जौहर अली विश्वविद्यालय को भी गिराने की साजिश चल रही है। साजिशन प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं।
युवाओं और आदिवासियों का अधिकार
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों की हत्या और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं में खूब बढ़ी हैं। पुलिस हिरासत में मौत के आंकड़ों में यूपी नंबर वन है। प्रदेश सरकार फर्जी एनकाउंटर में बदनाम है। अयोध्या जैसी पवित्र नगरी में भी किसानों की जमीनें भाजपाइयों ने औने-पौने खरीदकर चंद मिनटों में ही दोगुने-चौगुने दाम पर बेच कर खूब मुनाफा कमाया है। आदिवासियों के साथ अन्याय और जुर्म हो रहे है। उनके जीवन को संकट में डाला जा रहा है। जंगल और जमीन उनसे छीनी जा रही है। मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली में विंध्य एक्सप्रेस-वे निर्माण के नाम पर जंगल उजाड़े जा रहे है। उन्होंने कहा कि एक ओर वृक्षारोपण का रिकार्ड बनाने का एलान तो दूसरी ओर लाखों पेड़ काटे जा रहे हैं। भाजपा राष्ट्रीय सम्पत्तियों को बेचने पर तुली है। जनता के मौलिक अधिकारों को छीना जा रहा है। छात्र-नौजवान संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई में आगे आ चुके हैं, जिससे भाजपा घबराई हुई है।


