भाजपा में निषाद को विषाद के सिवा कुछ नहीं मिलेगा: अखिलेश
- गोंडा में बर्तन व्यापारी की हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो लखनऊ, विशेष

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा में निषाद को विषाद के सिवा कुछ नहीं मिलेगा। भाजपा राज अत्याचार, अन्याय, अहंकार का पर्यायवाची बन गया है, इसके निशाने पर पीडीए है। यूपी में अपराध और अराजकता चरम पर है।
गोंडा में हत्या की जांच
अखिलेश ने कहा है कि गोंडा में समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच हो। अगर कहीं कोई भी धर्म-न्याय में विश्वास करने वाला है, तो इस क्रूर हत्या का संज्ञान ले अन्यथा पीडीए समाज मिलजुलकर अपनी लड़ाई खुद लड़ लेगा। भाजपा ने केवल पुलिस की शक्ति और प्रभाव को कम नहीं किया है, बल्कि झूठे मुकदमों और एनकाउंटर का हिस्सा बनाकर, हर तरह से पुलिस को भ्रष्ट भी कर दिया है।
भाजपा पर आरोप
उन्होंने कहा कि जो लोग समझते हैं कि सत्ता के साथ रहकर उनकी इज्जत और रुतबा बढ़ता है, वो भी अब समझ गए हैं कि भाजपा में दिखावे का पद तो मिल सकता है पर सम्मान नहीं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाई प्रभुत्व बनाए रखने के लिए किसी की हत्या भी कर सकते हैं। किसी को भी जमीन पर बैठने को मजबूर कर सकते हैं। भाजपा सरकार में पीड़ा बढ़ रही है, इसीलिए पीडीए बढ़ रहा है और पीडीए की एकता भी।


