साजिशों से सावधान रहें, इस बार धोखा नहीं होना चाहिए: अखिलेश
- सपा समर्थकों का एक भी वोट घटने न पाए लखनऊ, विशेष संवाददाता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव 2027 में एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव से अच्छा प्रदर्शन करना है। जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार लाने का मन बना लिया है। चुनाव में समाजवादी समर्थक एक भी वोट घटने न पाए। एक भी वोट छूटे न। भाजपा की साजिशों से सावधान रहें। इस बार धोखा नहीं होना चाहिए।
भाजपा के कुशासन
अखिलेश ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो गई है। जनता भाजपा को हटाना चाहती है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव है। भाजपा के अन्यायी शासन के खिलाफ पीडीए एकजुट है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई है। भाजपाई पीडीए के खिलाफ तरह-तरह की साजिश कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी का ‘पीडीए’ प्रोग्रेसिव और डवलपमेंट का है। यहां प्रेम, दया, अपनापन है।
समाजवादी पार्टी का दृष्टिकोण
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलती है। सभी का सम्मान करती है। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि बूथों को मजबूत करें। जनता को समाजवादी पार्टी की योजनाओं के बारे में बताएं। सबके प्रति प्रेम, दया अपनापन का व्यवहार करते हुए सबको जोड़ें। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ है। वह लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण के लिए खतरा है। भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान विरोधी है। मुनाफाखोरी, कमीशनखोरी, बजट की लूट भाजपा का एजेंडा है। भाजपा सरकार इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। भाजपा सरकार ने लखनऊ के कैंसर संस्थान को बर्बाद कर दिया। जिलों में मेडिकल कॉलेजों में इलाज का इंतजाम नहीं है। स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों के बड़ी संख्या में पद खाली हैं। भाजपा सरकार गोरखपुर और रायबरेली के एम्स को भी नहीं चला पा रही है। समाजवादी सरकार आने पर गरीबों का इलाज मुफ्त होगा। इलाज के लिए कोई कार्ड नहीं लगेगा। समाजवादी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, खेल हर क्षेत्र को अच्छा बनाएगी। प्रदेश में स्पोर्ट्स पॉलिसी बनाई जाएगी। खेलों के लिए एक विशेष फंड बनाया जाएगा। किसानों को सुविधाएं बढ़ायीं जाएंगी। किसानों, बुनकरों के हित में फैसले लिए जाएंगे।


