Lucknow News: पीडीए की ताकत के सामने नहीं टिक पाएगी भाजपा: अखिलेश
Lucknow News: - गांधी जी से नफरत करने वाले आज उनके विचारों से नफरत कर रहे

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव मिलन का समय होता है। अपनी पुरानी गलतियों को भूलकर दोबारा सिद्धांतों पर लौटने का समय होता है, जिन साथियों को लग रहा है कि हमारे लोकतंत्र, संविधान और अर्थव्यवस्था पर हमला हो रहा है। महंगाई बढ़ रही है, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाकर मुनाफा खोरी हो रही है, यह सब गलत फैसले हैं तो वे पुरानी बातों को भूलकर लौट आएं। लोकतंत्र संविधान और देश की अर्थव्यवस्था को बचाने में समाजवादी पार्टी का साथ दें, जो लोग रास्ता भूल कर चले गए थे वह साथी अगर साथ आना चाहते हैं तो हम सारी बाते भूल कर उन्हें साथ ले लेंगे।
अखिलेश का बयान
अखिलेश ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये बातें कहीं। राज्यसभा चुनाव के समय उनके द्वारा दिया गया यह बयान काफी मायने रखता है। मिलन से यह आशय निकाला जा रहा है कि राज्यसभा की तीसरी सीट जीतने के लिए वो जिताऊ आंकड़ा जुटाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है, सभी लोगों को मिलकर भाजपा को हटाना चाहिए। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना के पक्ष में है। सपा चाहती है कि जातीय जनगणना हो और सभी जातियों को उनकी संख्या के अनुसार हक और सम्मान मिले। विधानसभा चुनाव के गठबंधन को लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया है, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीट जीता है, वही गठबंधन विधानसभा चुनाव में भी रहेगा।
महात्मा गांधी की जयंती
अखिलेश ने पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। जो लोग महात्मा गांधी से नफरत करते थे वे आज भी उनके विचारों से नफरत करते हैं। वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। इस बार पीडीए की ताकत के सामने भाजपा कहीं नहीं टिक पाएगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए में प्रेम, दया, अपनापन है।
नई पीढ़ी और बेरोजगारी
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी और जेन जी के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। नई पीढ़ी भाजपा से नाराज है। यूपी में भाजपा का सफाया होना तय है। भाजपा कभी भी समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती है। भाजपा ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा कानून-व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया है। आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों के विरोधी सत्ता में है। ये वर्चस्ववादी लोग बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर के संविधान को नहीं मानते है। इन ताकतों को हरा कर सत्ता से हटाना है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।


