भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी: अखिलेश
- सत्ता संरक्षण में बिचौलिए कमा रहे मुनाफा लखनऊ, विशेष संवाददाता समाजवादी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में किसान की हालत बद-से-बदतर होती जा रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। किसान की आय दोगुनी करने का वादा अब केवल पुराने अखबारों की रद्दी में ही कहीं ढूंढ़े मिल सकता है। किसान को अपनी फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। बढ़ती महंगाई से किसान हर तरह से हताश है। खेती का लागत मूल्य बढ़ता जा रहा है。
किसानों की समस्याएं
अखिलेश ने गुरुवार को जारी बयान में कहा है कि किसानों को समय से खाद, बीज, कीटनाशक नहीं मिल रहे हैं। भाजपा राज में अन्नदाता को जान ही देनी पड़ रही है। आगरा के फतेहाबाद में कर्ज से परेशान किसान पद्म सिंह ने आत्महत्या कर ली। वैश्विक संकट के बहाने भाजपा सरकार का यह कहना कि खाद आयात में दिक्कत हुई है, झूठ की पराकाष्ठा है। बुवाई के सीजन से पहले खाद का स्टॉक जमा करने की जिम्मेदारी सरकार की है।
सरकार की नीतियों पर सवाल
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समय से कुछ नहीं करती है। प्रशासनिक अकुशलता और अदूरदर्शिता किसानों पर भारी पड़ रही है। कीटनाशक और बीजो में मिलावट हो रही है। भाजपा सरकार को किसानों की नहीं बिचौलियों और कंपनियों के हितों की चिंता है। सत्ता संरक्षण में बिचौलिए मुनाफा कमा रहे हैं। एमएसपी की अनिवार्यता न होने का फायदा कंपनियों के एजेंट उठा रहे हैं। भाजपा सरकार में किसान बेबस है।
किसान आक्रोशित
उन्होंने कहा कि जिन भाजपाइयों ने प्रभु श्रीराम को धोखा दे दिया, उनके आभूषण और दान-चंदा सब लूट लिया, उनसे क्या उम्मीद करें। भाजपा के रवैये से किसान आक्रोशित है। 2027 में जनता किसान विरोधी भाजपा सरकार को हमेशा के लिए हटा देगी तभी किसानों के घर खुशहाली आएगी।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


