भाजपा के लिए धन ही धर्म है: अखिलेश
- चढ़ावा चोरी और आभूषणों गबन निक्रिष्ट कार्य लखनऊ, विशेष संवाददाता समाजवादी पार्टी

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ठगों की पार्टी है। भाजपा के लिए धन ही धर्म है। भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय, लूट, अपराध चरम पर है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी और आभूषणों गबन निक्रिष्ट कार्य है। भाजपा नेतृत्व को इस पर शर्म आनी चाहिए। जनता भाजपा की रग-रग से परिचित हो चुकी है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को साफ कर देगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा हाफ हो गई है。
भाजपा के आर्थिक मुद्दे
अखिलेश ने मंगलवार को जारी बयान में कहा है कि भाजपा ने देश की अर्थव्यवस्था को रसातल में पहुंचा दिया है। विदेशी कर्ज बढ़ता जा रहा है। हर विभाग में हर स्तर पर भ्रष्टाचार है। पुलिस चौकी, थाना, तहसील, कचहरी कहीं भी गरीब को न्याय नहीं मिल रहा है। किसान के साथ झूठे वादे किए गए। किसान को खाद बीज, डीजल-पेट्रोल बिजली नहीं मिल रही है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार पुलिस थानों में निर्दोष लोगों की हिरासत में मौत यूपी में सबसे ज्यादा हो रही है।
भाजपा का दावे और असलियत
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो गया है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा अपराध हो रहा है। भाजपा हटेगी तभी अपराध रूकेगा। धर्म के नाम पर भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए आपस में लड़ाती है। समाज को बांटती है। श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी से असंख्य लोगों की आस्था और श्रद्धा के साथ धोखा और छल हुआ है। भाजपा अविमुक्तेश्वरानंद शंकराचार्य का अपमान करने का पाप कर रही है। साधु-संतो में इससे बड़ी नाराजगी है। भाजपा जुमलेबाज पार्टी है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास का नारा तो देती है परन्तु अपना और अपनों का विकास करती है। पीडीए के लोग भाजपा की बदले की कार्यवाही में सबसे ज्यादा शिकार हुए हैं। भाजपा राज में आरक्षण, संविधान और लोकतंत्र खतरे में है।


