भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग व नौकरशाही काम कर रही: अखिलेश
- भाजपा सरकार प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरतापूर्ण कर्रवाई कर रही लखनऊ, विशेष संवाददाता

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग और नौकरशाही भाजपा के इशारे पर काम कर रही है। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं को अपने हिसाब से चला रही है। सरकार संविधान के अनुसार काम नहीं कर रही। देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है।
मतदाता सूची और चुनाव आयोग पर आरोप
डा. राम मनोहर लोहिया की पुण्य तिथि पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि चुनाव अयोग का रवैया और काम भेदभावपूर्ण है। चुनाव आयोग ने यूपी में एसआईआर को जीरो कर दिया है। अब दोबारा से वोट बनाने का अभियान चल रहा है। एसआईआर में किसी का फर्जी वोट नहीं बनना चाहिए था, लेकिन मतदाता सूची में लाखों वोट फर्जी बन गए। कई विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक आदमी के डबल वोट बने हैं, तीन-तीन, चार-चार, पांच और दस वोट तक बने हैं। आजमगढ़ सदर विधानसभा में एक ही व्यक्ति के दस वोट बन गए हैं।
चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सामने आए और कहे कि वह भाजपा के इशारे पर काम नहीं करेगा। आयोग का अपनी विश्वसनीयता साबित करनी चाहिए। पीडीए कदम से कदम मिला कर चल रहा है। विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने चुनाव आयोग से यूपी के हर बूथ पर दो-दो सौ वोट बढ़ाने के लिए कहा था। लखनऊ के सरोजनीनगर में भाजपा ने समाजवादी पार्टी के वोट कटवाने के लिए दशरथ नाम के एक व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर से सौ फार्म भराए थे। चुनाव आयोग से शिकायत की गई पर कार्रवाई नहीं की।
वोट चोरी के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध
अखिलेश ने कहा कि भाजपा चाहती है जो उसके सदस्य है, मतदाता सूची में सिर्फ उन्हीं का नाम रहे। केवल भाजपा के सदस्य ही देश के नागरिक रहें, क्योंकि जिसका नाम वोटर लिस्ट में होता है, वहीं भारत का नागरिक है, जिसका वोट नहीं, वह देश का नागरिक नहीं रहेगा। वोट चोरी और चुनावों में धांधली के खिलाफ हम लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध जारी रखेंगे। भाजपा सरकार पत्रकारों और प्रदर्शनकारियों के साथ बर्बरतापूर्ण कर्रवाई कर रही है। हिटलर ने जिस तरह से जर्मनी में अपनी प्राइवेट फोर्स बना रखी थी, उसके जरिए वह विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित और परेशान करता था, वैसे ही भाजपा के लोग पुलिस के साथ मिलकर अत्याचार कर रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, राजेंद्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री आदि उपस्थित रहे।

