भाजपा सरकार की पुलिस माया, दस दिखाया, सोलह गटकाया: अखिलेश
- 26 किलो सोने के बिस्कुट पकड़े पर दिखाए सिर्फ 10 किलो लखनऊ, विशेष

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकार ने पूरे सिस्टम को भ्रष्ट बना दिया है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट है। कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है।
भ्रष्टाचार के नए मामले
सूत्रों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्कुट पकड़े, लेकिन दिखाए गए केवल 10 किलो। ये भाजपा सरकार की पुलिस की माया है, दस दिखाया, सोलह गटकाया।
भाजपा सरकार की धांधली
अखिलेश ने रविवार को एक बयान में कहा कि अब ध्यान ये रखना है कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्कुटों को भी पीली धातु कहकर सरकारी हिसाब में दर्ज न कर ले और बाद में पीतल के बिस्कुट से बदल कर ये सारे सोने के बिस्कुट भी गटक न जाए। उन्होंने कहा कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली, यही है डबल इंजन के डबल गड़बड़ी का असली रास्ता। यह कोई एक मामला नहीं है। भाजपा सरकार में ऊपर से नीचे तक हर जगह धांधलेबाजी, कमीशनखोरी, लूट चल रहा है। झूठे केस, झूठे आरोप और फर्जी एनकाउंटर करवा कर भाजपा सरकार ने पुलिस की छवि को पहले से ही बर्बाद कर दिया है।
अन्य विभागों में भ्रष्टाचार
उन्होंने कहा है कि इसी तरह से अन्य विभागों और कामों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। चार हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे में गड्ढे और सड़क टूटने के सारे रिकार्ड टूट गए। यही हाल भाजपा सरकार में बने अन्य एक्सप्रेस-वे और सड़कों का है। इस सरकार में चौतरफा बजट का बंदरबांट और लूट चल रही है। भाजपा सरकार में प्रयागराज कुंभ का कुल बजट करीब एक लाख करोड़ गया होगा, लेकिन वहां का जो हाल है वह किसी से छिपा नहीं है। मोहल्ले-मोहल्ले जलभराव से लोग त्रस्त हो गए हैं।


