भाजपा ने नौजवनों-छात्रों व किसानों सभी वर्गों को धोखा दिया: अखिलेश
- त्योहार आते ही भाजपा राज में बढ़ जाती है महंगाई लखनऊ, विशेष संवाददाता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। भाजपा ने नौजवानों-छात्रों, किसानों हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा ने प्रभु श्रीराम को भी धोखा दिया है। मंदिर में चढ़ावा चोरी कर लिया।
भाजपा पर धोखा देने का आरोप
अखिलेश ने मंगलवार को जारी बयान में कहा है कि जिन्होंने भगवान के पैसे चुराकर भगवान तक को धोखा दिया है, वो भाजपाई धरती के भगवान के रूप में डॉक्टरों को क्या छोड़ेंगे। भाजपा पैसों को छोड़ कर किसी की सगी नहीं है। भाजपा झूठे वादे करती है। कानून और संविधान नहीं मानती है। लोगों के अधिकार छीन रही है। भाजपा सरकार अहंकारी है। इसका रवैया तानाशाही है। भाजपा लोकतंत्र संविधान और जनता के अधिकारों के लिए खतरा है। भाजपा सरकार सत्ता से हटेगी तभी, आम जनता, कर्मचारियों, किसानों, नौजवानों-छात्रों के अधिकार बचेंगे। सब इंकलाब की मुट्ठी तानों, भाजपा सरकार बदल डालो।
महंगाई और बढ़ती कीमतों पर हमला
उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और मुनाफाखोरी के कारण महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। महंगाई चरम पर पहुंच गई है। खाद्य पदार्थों की कीमते लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से विफल है। त्योहार के सीजन में खाने-पीने की सब चीजों तेल, दाले, सब्जी, दूध, घी, चीनी के साथ कपड़े, जूते और घरेलू सामान सभी की कीमतों में भारी उछाल है।
दाम बांधो नीति लागू करने की बात
सपा मुखिया ने कहा कि सरकार के विभिन्न विभाग के आंकड़े बता रहे हैं कि महंगाई के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। महंगाई बढ़ा कर हो रही लूट में भाजपा को चंदे के रूप में हिस्सा मिलता है। जब-जब त्योहार आता है तब-तब जनता से यह लूट और बढ़ जाती है। भाजपा के समर्थक पूंजीपति और बड़े व्यापारी जनता को लूट रहे हैं। महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का फैसला कर लिया है। समाजवादी सरकार में डा. राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलते हुए दाम बांधो नीति लागू कर महंगाई को काबू में किया जाएगा।

