अभाविप व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण के प्रति संकल्पित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की चार दिवसीय प्रांत कार्यसमिति बैठक का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ संगठन की कार्ययोजना तय की जाएगी। प्रांत अध्यक्ष विनीत लाल ने इसे राष्ट्र निर्माण और समाज परिवर्तन के लिए कार्य करते विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बताया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् दक्षिण बिहार की चार दिवसीय प्रांत कार्यसमिति बैठक का विधिवत शुभारंभ मंगलवार को टीएस कॉलेज हिसुआ स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में हुआ। बैठक का उद्घाटन बिहार-झारखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, दक्षिण बिहार के प्रांत संगठन मंत्री अनूप कुमार, प्रांत अध्यक्ष विनीत लाल एवं प्रांत मंत्री सुमित कुमार सिंह ने मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
बैठक का उद्देश्य
क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् संगठित कार्यकर्ता आधारित संगठन है। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर हमेशा कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसके अनुशासित, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध एवं समाज के प्रति संवेदनशील कार्यकर्ताओं में निहित है। परिषद् निरंतर विद्यार्थियों और युवाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्रीय पुनर्निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का कार्य करती आ रही है। उन्होंने कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ और संगठनात्मक विस्तार के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देनें पर जोर दिया। बदलते सामाजिक और शैक्षणिक परिवेश में परिषद् के कार्यकर्ताओं को विद्यार्थियों के बीच सक्रिय रहते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष और रचनात्मक दोनों कार्यों को साथ लेकर चलनें का आह्वान किया ।
विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन
प्रांत अध्यक्ष विनीत लाल ने कहा की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और समाज परिवर्तन के लिए कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। परिषद् विद्यार्थियों में राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करने का कार्य करती है। उन्होंने युवाओं को केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र की चुनौतियों के समाधान के लिए आगे आनें पर जोर दिया।
कार्ययोजना और संगठन विस्तार
प्रांत मंत्री सुमित कुमार सिंह ने प्रांत कार्यसमिति बैठक में संगठन के आगामी कार्यों की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। बैठक में शिक्षा, छात्रहित, सामाजिक सरोकार एवं संगठन विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। बैठक में कार्ययोजना और संगठन विस्तार पर चर्चा चार दिनों तक चलने वाली प्रांतीय कार्यसमिति बैठक में दक्षिण बिहार प्रांत के 27 संगठनात्मक जिलों से लगभग 70 कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में आगामी कार्ययोजना, संगठन विस्तार, छात्रहित से जुड़े मुद्दों, शैक्षणिक परिस्थितियों तथा विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक के माध्यम से आगामी दिनों के लिए संगठन की दिशा और कार्ययोजना तय की जाएगी तथा दक्षिण बिहार प्रांत में परिषद् के कार्यों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक को सफल बनाने में राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. सुजय कुमार, प्रदेश सह मंत्री शिवनारायण, जिला प्रमुख अभय राणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोशन कुमार, विवेक कुमार, नगर अध्यक्ष प्रो. डॉ संजय कुमार, नगर मंत्री अभिषेक रंजन उर्फ टुल्लू, कार्यक्रम कोषाध्यक्ष धीरज कुमार, चंदन भारद्वाज, मुकेश राज, शुभम, ओंकार शर्मा कश्यप, जितेंद्र आर्यन आदि अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं। (हिसुआ से उदय कुमार सिन्हा)


