डूसू चुनाव के लिए विद्यार्थी परिषद की समिति घोषित
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए चुनाव समिति की घोषणा की है। सार्थक शर्मा को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति विद्यार्थियों के सुझावों पर आधारित घोषणापत्र तैयार करेगी और चुनाव के सभी निर्णय लेगी। समिति में अन्य प्रमुख सदस्य भी शामिल हैं।

नई दिल्ली, प्र.सं.। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए अपनी चुनाव समिति घोषित कर दी है। संगठन के दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। डूसू चुनाव में विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशियों के चयन व चुनाव से संबंधित अन्य सभी निर्णय इसी समिति द्वारा लिए जाएंगे। चुनाव समिति के गठन के साथ ही डूसू चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श के लिए समिति की बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है। चुनाव समिति में राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तकियार, विपिन उनियाल, प्रद्युम्न सिंह, शिवांगी खरवाल और हर्ष अत्री को शामिल किया गया है।
चुनाव समिति संयोजक सार्थक शर्मा ने बताया कि संगठन ने माई डीयू-माई मैनीफेस्टो अभियान के माध्यम से छात्रों से सीधे संवाद की परंपरा को और अधिक मजबूत किया है। इस अभियान के दौरान छात्रों ने अपनी गंभीर समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को साझा किया है। इन्हीं सुझावों और छात्र आकांक्षाओं के आधार पर संगठन का घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।


