आकाश आनंद ने फिर मायावती से मांगी माफी
बसपा से निष्कासित भतीजे आकाश आनंद ने अध्यक्ष मायावती से माफी मांगी है। उन्होंने पार्टी को परिवार बताते हुए, अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ की गई कार्रवाई को उचित ठहराया और दुसरे दल से संपर्क की अफवाहों का खंडन किया। आकाश ने पार्टी के मिशन की सेवा के लिए एक मौका मांगा है।

सफाई दी कि वह किसी दूसरी पार्टी में नहीं जा रहे, अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ कार्रवाई को उचित बताया लखनऊ। विशेष संवादाता
माफी और सफाई
बसपा से निष्कासित भतीजे आकाश आनंद ने पार्टी अध्यक्ष व अपनी बुआ मायावती से फिर माफी मांगी है। उन्होंने सिर्फ माफी ही नहीं मांगी बल्कि अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ से संबंधों, उन्हें निकाले जाने के मायावती की पोस्ट को रीपोस्ट न करने तथा दूसरे दल से संपर्कों पर सफाई भी दी है। साथ ही उन्होंने बसपा से जुड़कर मिशन के लिए काम करने की इच्छा जताई।
सोशल मीडिया पर बयान
अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि बहन जी, आप मेरी राजनैतिक गुरु, प्रेरणा के साथ मेरी बुआ मां भी हैं। आपके मार्गनिर्देशन में राजनीति सीखी है। इस नाते अपनी बात आपके और पूरे बहुजन समाज के सामने रखना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर मेरे बारे में कई तरह की अफवाहें चल रही हैं। साफ कर देना चाहता हूं कि मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा हूं। बसपा मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी ही नहीं, परिवार है। अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने तथा सन्यास का आपका फैसला पूरी तरह उचित है और मैं उसके साथ खड़ा हूं। सफाई दी है कि रिश्ते अपनी जगह हैं, पर मिशन उससे भी बड़ा है। व्यक्तिगत व पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया से दूर रहने के कारण अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ कार्रवाई की पोस्ट को रीपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को गलत समझा गया और अफवाहों को जगह मिली। यदि आपको ठेस पहुंची है तो मैं क्षमा चाहता हूं। उन्होंने पार्टी और मिशन की सेवा के लिए एक मौका मांगा है। विश्वास शब्दों से नहीं, काम से बनता है और मैं अपने आचरण तथा मेहनत से यह साबित करूंगा। बाबा साहेब का मिशन, मान्यवर कांशीराम का रास्ता और आपका नेतृत्व, यही मेरी राजनीति है।

