आकासा ने मुंबई की एक उड़ान बंद की
ग्रेटर नोएडा में नोएडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या कम होने पर अकासा एयरलाइंस ने मुंबई के लिए अपनी दो उड़ानों में से एक बंद कर दी है। अब सिर्फ एक उड़ान, दोपहर 2:10 बजे की चालू है। रात की फ्लाइट 9:05 बजे बंद कर दी गई है, जबकि इंडिगो भी मुंबई के लिए सेवा दे रही है।

ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। नोएडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए अकासा एयरलाइंस ने मुंबई जाने वाली अपनी एक उड़ान कम कर दी है। अब सिर्फ अकासा एयरलाइंस की सिर्फ एक ही उड़ान संचालित हो रही है, जिसमें यात्री बुकिंग कर पा रहे हैं। रात में मुंबई जाने वाली फ्लाइट में अकासा की ओर से बुकिंग बंद है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो और अकासा एयर के विमान उड़ान भर रहे हैं। अकासा की ओर से अभी तक सिर्फ मुंबई के लिए ही सेवा दी जा रही है। अकासा की ओर से हर दिन मुंबई की दो उड़ानें चल रही थीं, जिसमें पहली उड़ान दोपहर 2:10 मिनट की थी, जबकि दूसरी उड़ान रात को 9:05 बजे की थी।
अकासा ने रात में 9:05 बजे की फ्लाइट बंद कर दी है, जिसके बाद अब एयरपोर्ट से अकासा की सिर्फ एक ही उड़ान संचालित हो रही है। हालांकि, अब भी एयरपोर्ट से मुंबई जाने के लिए दो उड़ानों का विकल्प है। अकासा के अलावा इंडिगो की ओर से भी मुंबई की सेवा यात्रियों को दी जा रही है। इंडिगो की मुंबई के लिए विमान सेवा दोपहर 3 बजे की है। हालांकि एयरलाइंस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और न रात की विमान सेवा बंद होने की सूचना जारी की गई है, लेकिन वेबसाइट पर अकासा की सिर्फ एक उड़ान दिख रही है। बता दें कि एयरपोर्ट से पूर्व में दो शहरों के लिए उड़ान बंद हो चुकी है, इनमें नवी मुंबई और चंडीगढ़ शामिल है।


