आजसू छात्र संघ ने विवि के खिलाफ मोर्चा खोला
आजसू छात्र संघ ने बीबीएमकेयू प्रबंधन की कार्यशैली और पारदर्शिता पर सवाल उठाए। महासचिव विशाल महतो ने कर्मचारियों के टेंडर में छूट देने और स्थानीय युवाओं को रोजगार की मांग की। उन्होंने सभी खर्चों की सार्वजनिक जानकारी और दीक्षांत समारोह में सभी छात्रों के लिए भागीदारी की जरूरत पर जोर दिया।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। आजसू छात्र संघ ने शुक्रवार को बीबीएमकेयू प्रबंधन की कार्यशैली, टेंडर प्रक्रिया, प्रशासनिक व पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कई आरोप लगाए। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने कहा कि विवि से जुड़े प्रशासनिक समेत अन्य मामलों में यदि सवाल उठ रहे हैं, तो कुलपति एवं कुलसचिव को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए। आउटसोर्सिंग मैनपावर टेंडर में एमएसएमई इकाइयों को मिलने वाली निर्धारित छूट के प्रावधान को लागू करने व स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सीनेट बैठक में हुए सभी खर्चों का मद वार एवं पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए।
संगठन ने विवि में लगातार शॉर्ट कोटेशन के माध्यम से होने वाले खर्चों को लेकर भी सवाल उठाया। दीक्षांत समारोह में सभी पात्र छात्रों को समारोह में शामिल होने का अवसर दिया जाना चाहिए। मौके पर विक्की कुमार, रौनक राज, मलय रवानी, कबीर यादव, विजय महतो, चिंटू गोप,भीम महतो, राकेश महतो व राज हाजरा आदि मौजूद थे।

