भारतीय टीम में खेलकर लौटे अजीत नाग, बिरसा कॉलेज में सम्मान
खूंटी में बिरसा कॉलेज के छात्र अजीत नाग को एशिया कप अंडर-18 रग्बी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर सम्मानित किया गया। कॉलेज ने उनके योगदान को सराहा और सभी छात्रों के लिए प्रेरणा बनी। अजीत ने पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिससे झारखंड का नाम रोशन हुआ है।

खूंटी, प्रतिनिधि। चीन में आयोजित एशिया कप अंडर-18 रग्बी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले बिरसा कॉलेज के छात्र अजीत नाग का गुरुवार को कॉलेज परिसर में सम्मान किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने पर कॉलेज परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी उपलब्धि से खूंटी और झारखंड का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। अजीत नाग बिरसा कॉलेज में अंग्रेजी ऑनर्स के विद्यार्थी हैं। इससे पहले भी वह अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना उनकी प्रतिभा, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
उनकी सफलता से कॉलेज के छात्र-छात्राओं में भी उत्साह है। कोच समेत कॉलेज परिवार ने किया सम्मान:स्वागत समारोह में प्रभारी प्राचार्या डॉ. पुष्पा सुरीन ने अजीत नाग के साथ उनके कोच एजाज और अभिषेक टूटी को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने अजीत को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में देश के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। खेल प्रभारी राज कुमार गुप्ता ने कहा कि अजीत नाग की उपलब्धि बिरसा कॉलेज के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। मौके पर पूनम माई टीयू, डॉ. अभिषेक कुमार, सुनीता टोप्पो, विजय प्रधान, प्रकाश प्रमाणिक सहित शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


