ग्रैंडमास्टर बनने से एक कदम दूर अजय
वाराणसी के युवा शतरंज खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय मास्टर अजय संथोष पर्वतारेड्डी ने ग्रैंडमास्टर खिताब की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने चेक गणराज्य में आयोजित प्रतियोगिता में 6.5 अंक अर्जित किए और संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहे। अब वह ग्रैंडमास्टर खिताब पाने के लिए केवल एक नॉर्म दूर हैं।

वाराणसी, संवाददाता। जिले के युवा शतरंज खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय मास्टर अजय संथोष पर्वतारेड्डी ने ग्रैंडमास्टर खिताब की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने दूसरा ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल किया है। चेक गणराज्य में ‘चेस फेस्टिवल चेस्के बुडेयोवित्से-2026’ के ग्रैंडमास्टर वर्ग में उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। उन्होंने नौ बाजियों में 6.5 अंक अर्जित किए।
प्रदर्शन विवरण
जिला शतरंज एसोसिएशन के सचिव तुषार सारस्वत ने बताया कि प्रतियोगिता में वह अंकों के आधार पर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहे। टाईब्रेक में उन्हें दूसरा स्थान मिला। उन्होंने कई अनुभवी खिलाड़ियों के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन किया। ग्रैंडमास्टर एंतोन कोरोबोव के खिलाफ उनका मैच ड्रॉ रहा। इसके अलावा ग्रैंडमास्टर मीसा पाप से जीत दर्ज की। ग्रैंडमास्टर फिलिप हारिंग के साथ भी ड्रॉ किया। इससे उनकी रेटिंग में सुधार हुआ।
पिछले उपलब्धि
इससे पहले बाकू ओपन-2026 में उन्होंने पहला ग्रैंडमास्टर नॉर्म प्राप्त किया था। उसमें भी उन्होंने नौ बाजियों में 6.5 अंक बनाए। बिना बाजी गंवाए दूसरा स्थान हासिल किया। उनका प्रदर्शन स्तर 2631 रहा। ग्रैंडमास्टर स्तर की दिशा में इसे बेहद महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिडे रेटिंग इतिहास के अनुसार जून, 2026 की सूची में अजय संथोष पर्वतारेड्डी की रेटिंग 2503 थी।
ग्रैंडमास्टर खिताब की दिशा में
उन्होंने 2500 रेटिंग की बाधा पार कर ली। ग्रैंडमास्टर खिताब पाने के लिए खिलाड़ी को 2500 रेटिंग के साथ तीन ग्रैंडमास्टर नॉर्म हासिल करने होते हैं। दो नॉर्म हासिल करने के बाद प्रतिष्ठित खिताब पाने से वह सिर्फ एक नॉर्म दूर हैं।


