आवागमन संकट को लेकर सांसद ने पीएम व रेल मंत्री से विशेष ट्रेन चलाने की मांग की
भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण यात्रा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने 45 दिनों के लिए भागलपुर से कटिहार विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत मिल सके।

भागलपुर, वरीय संवाददाता। विक्रमशिला सेतु के बंद होने से उत्पन्न गंभीर आवागमन संकट को देखते हुए सांसद अजय कुमार मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर भागलपुर से कटिहार (वाया नवगछिया-खगड़िया) के बीच 45 दिनों के लिए विशेष यात्री ट्रेनें चलाने की मांग की है।सांसद ने पत्र में उल्लेख किया कि सेतु बंद होने से नवगछिया, खगड़िया, कटिहार व कोसी-सीमांचल का सड़क संपर्क टूट गया है। इसको लेकर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जलमार्ग परिचालन शुरू किया गया है, लेकिन यात्रियों की भारी भीड़ के आगे यह नाकाफी साबित हो रहा है।
इससे दैनिक यात्रियों, मरीजों, व्यापारियों और परीक्षार्थियों को काफी कठिनाई हो रही है। सांसद अजय मंडल ने कहा कि पर्व-त्योहारों में लाखों लोग यात्रा करेंगे, ऐसे में विशेष ट्रेनों की स्वीकृति से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।सांसद की प्रमुख मांगें:भागलपुर से कटिहार के लिए प्रतिदिन शाम 6 बजे विशेष ट्रेन चलाई जाएकटिहार से भागलपुर के लिए भी प्रतिदिन वापसी में विशेष ट्रेन की व्यवस्था होसुबह के समय भी एक अतिरिक्त ट्रेन सेवा शुरू करने पर विचार किया जाए

