निर्वाचन आयोग की डीजी के खिलाफ हो केस : डॉ. अजय
जमशेदपुर के पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार ने चुनाव आयोग की डीजी सीमा खन्ना के खिलाफ एफआईआर कराने की बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के डेटा का केंद्रीकरण किया गया है, जिससे स्थानीय चुनाव अधिकारियों के अधिकार प्रभावित हुए हैं। यह मामला लोकतंत्र और चुनावी निष्पक्षता से जुड़ा है।

जमशेदपुर। जमशेदपुर के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय कुमार ने निर्वाचन आयोग की डीजी (आईटी) सीमा खन्ना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। उन्होंने सोशल साइट एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि ईसीआई नेट और ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़े डेटा का केंद्रीकरण किया गया है। डॉ. अजय कुमार का दावा है कि डेटा के केंद्रीकरण से स्थानीय चुनाव अधिकारियों के वैधानिक अधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके चलते मतदाता सूची से लाखों नाम मनमाने तरीके से हटा दिए गए। उन्होंने इसे लोकतंत्र और चुनावी निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए झारखंड में सीमा खन्ना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
साथ ही तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, केरल और तमिलनाडु कांग्रेस से भी अपने-अपने राज्यों की मतदाता सूचियों की सुरक्षा को लेकर कानूनी कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज कराने की अपील की।

