एआईफुक्टो की राष्ट्रीय बैठक में यूपी के शिक्षक संगठनों की समस्याओं पर मंथन
अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक महासंघ ने उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (फुपुक्टा) में आंतरिक गतिरोध को समाप्त करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य फुपुक्टा के प्रशासनिक और संगठनात्मक समस्याओं का अध्ययन कर जल्द से जल्द समाधान लाना है।

अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक महासंघ ने उत्तर प्रदेश के शिक्षक संगठन उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ (फुपुक्टा) में चल रहे आंतरिक गतिरोध को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। महासंघ की राष्ट्रीय बैठक में अन्य मुद्दों के साथ ही फुपुक्टा के सुचारू संचालन और संगठनात्मक समस्याओं को गंभीरता से उठाया गया। जिसके बाद तत्काल प्रभाव से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दिया गया। बैठक में फुपुक्टा द्वारा लखनऊ अधिवेशन में एआईफुक्टो के नाम पर लिए गए चंदे का आंशिक भाग एआईफुक्टो में जमा करने, चंदे के शेष भाग का हिसाब ना देने, उत्तर प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया एवं शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से विचार मंथन हुआ।
बैठक में शिक्षकों के राष्ट्रीय नेतृत्व एआईफुक्टो ने उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संगठनों की मांग एवं शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए फुपुक्टा की असंतोषजनक प्रशासनिक और संगठनात्मक कार्य प्रणाली पर त्वरित हस्तक्षेप की आवश्यकता जताई। एआईफुक्टो द्वारा उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संगठनों के कामकाज को जल्द से जल्द पूरी पारदर्शिता के साथ पटरी पर लाने के लिए तीन सदस्यीय विशेष समिति बनाई गई है। इस समिति में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रो. मोजपाल सिंह को संयोजक (कन्वीनर) की कमान सौंपी गई है। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. अखिलेश और जोनल सचिव प्रो. संजय को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। यह हाईपावर कमेटी फुपुक्टा के मौजूदा विवादों का बारीकी से अध्ययन कर जल्द से जल्द अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी।


