एयर मार्शल थरेजा ने डीजीएएफएमएस का कार्यभार संभाला
नई दिल्ली, एयर मार्शल संदीप थरेजा ने सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (डीजीएएफएमएस) का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ संभालने के लिए तैयार हैं। थरेजा का लक्ष्य सेना के लिए उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएँ और डिजिटल चिकित्सा तैयारियों को लागू करना है।

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रख्यात चिकित्सक और पाचन तंत्र रोग विशेषज्ञ (गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट) एयर मार्शल संदीप थरेजा ने मंगलवार को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक (डीजीएएफएमएस) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय समर स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। पुणे सशस्त्र बल चिकित्सा महाविद्यालय (एफएमएमसी) के पूर्व छात्र एयर मार्शल थरेजा को दिसंबर 1986 में सेना के चिकित्सा कोर में कमीशन प्राप्त हुआ था। थरेजा ने दिल्ली से मेडिसिन में एमडी और भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में डीएम की पढ़ाई पूरी की है। एयर मार्शल थरेजा रक्षा बलों को व्यापक मेडिकल सहायता देने के काम की देखरेख करेंगे।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब एएफएमएस में बड़े बदलावों से गुजर रहा है। इनमें मेडिकल तैयारी, संयुक्त कामकाज, स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिकीकरण, डिजिटल हेल्थ, मेडिकल शोध और नवाचार, सेवा में मौजूद कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।


