हवाई क्षेत्रों में प्रतिबंधों से एयर इंडिया पर बुरा असर
एयर इंडिया के अनुसार, पाकिस्तान और मध्य पूर्व में हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों से उसकी उड़ानों का समय और खर्च बढ़ गया है। कंपनी पिछले साल से यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों के लिए लंबे मार्ग अपना रही है। ईरान संघर्ष के कारण उड़ानों को और दक्षिण की ओर मोड़ना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की खपत और लागत भी बढ़ रही है।

नई दिल्ली, एजेंसी। विमानन कंपनी एयर इंडिया का कहना है कि हवाई क्षेत्र पर लगी पाबंदियों का कंपनी पर बहुत बुरा असर हुआ है। मध्य पूर्व में जारी संकट की वजह से लगे प्रतिबंधों के कारण उड़ान का समय और खर्च बढ़ गए हैं। टाटा समूह की विमानन कंपनी पिछले साल की शुरुआत से ही यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने वाली अपनी उड़ानों के लिए लंबे रूटों का इस्तेमाल कर रही है। इसका कारण पाकिस्तान द्वारा भारतीय कंपनियों के लिए हवाई क्षेत्र बंद करना था। इसके बाद मध्य पूर्व में युद्ध शुरू हो जाने से कई खाड़ी देशों में भी हवाई क्षेत्र प्रतिबंधित हो गए।सोमवार
को कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब सिर्फ पाकिस्तान का ही नहीं, ईरान संघर्ष का भी असर है। उन्होंने कहा, ‘जितना ज्यादा हवाई क्षेत्र बंद होगा, उड़ानों को उतना ही दक्षिण की ओर जाना होगा। इससे ईंधन का खर्चा भी उतना ही बढ़ेगा।’

