दिल्ली के लिए 25 अक्टूबर से फिर उड़ान भरेगी एयर इंडिया
दिल्ली के लिए 25 अक्टूबर से फिर उड़ान भरेगी एयर इंडिया -एयर इंडिया की वापसी

दिल्ली से आने-जाने वाले गया जी के यात्रियों के लिए राहत की खबर है। करीब सात महीने बाद एयर इंडिया एक बार फिर गया-दिल्ली रूट पर अपनी सेवा शुरू करने जा रही है। 25 अक्टूबर से एयर इंडिया की दिल्ली-गयाजी-दिल्ली रूट पर दो दैनिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही इस रूट पर यात्रियों के पास पहले की तरह दो एयरलाइनों का विकल्प उपलब्ध हो जाएगा। एयर इंडिया के टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। 26 मार्च से एयर इंडिया की सेवा बंद होने के बाद गया से दिल्ली के लिए हवाई यात्रियों की निर्भरता मुख्य रूप से इंडिगो की उड़ान पर रह गई थी। एक ही एयरलाइन के संचालन के कारण यात्रियों को सीमित विकल्प के साथ सफर करना पड़ रहा था। खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान सीटों की मांग बढ़ने पर हवाई किराये में भारी उछाल देखने को मिलता था। ऐसे में एयर इंडिया की वापसी को यात्रियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है。
नया प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण
दो एयरलाइनों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से यात्रियों को किराये में राहत मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को अपनी सुविधा और किराये के हिसाब से एयर इंडिया या इंडिगो में से उड़ान चुनने का विकल्प मिलेगा। अक्टूबर से बोधगया के पर्यटन सीजन शुरू होने और त्योहारी सीजन को लेकर गया-दिल्ली रूट पर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है।
किराए में कमी की उम्मीद
टूर ऑपरेटर एसोसिएशन के संदीप कुमार ने बताया कि गया-दिल्ली रूट पर प्रतिस्पर्धा खत्म होने के बाद किराया कई बार आम यात्रियों की पहुंच से बाहर हो जाता था। एयर इंडिया की वापसी से एकाधिकार की स्थिति खत्म होगी और किराये में मनमानी बढ़ोतरी पर लगाम लगने की उम्मीद है। लंबे समय से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग के बीच एयर इंडिया की उड़ान शुरू होने से गया जी के हवाई संपर्क को मजबूती देगी।
एयर इंडिया की दो दैनिक फ्लाइट
गया जी से 25 अक्टूबर से एयर इंडिया की दो दैनिक फ्लाइट शुरू होगी। एयर इंडिया के टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है। इसके साथ ही अक्टूबर में कई विदेशी फ्लाइट की उड़ान भी शुरू होगी।
-अवधेश कुमार, निदेशक एयरपोर्ट, गया जी।


