एयर इंडिया के बेड़े में 50-60 नए विमान जुड़ेंगे
डीसी... नई दिल्ली/अबू धाबी, एजेंसी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया अगले

नई दिल्ली/अबू धाबी, एजेंसी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया अगले 18 महीनों में अपने बेड़े में 50 से 60 नए विमान शामिल करने की तैयारी कर रही है। कंपनी का कहना है कि विमानन उद्योग में कई चुनौतियों के बावजूद उसका बड़े पैमाने पर आधुनिकीकरण और विस्तार का अभियान तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है। एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी और एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने बताया कि कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में कई महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किए हैं। उन्होंने कहा कि एयरलाइन का बदलाव अभियान काफी जटिल रहा है, लेकिन अब इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं। अग्रवाल ने बताया कि एयर इंडिया समूह ने करीब 600 विमानों का ऑर्डर दिया है, लेकिन अभी तक इनमें से 10 प्रतिशत से भी कम विमानों की डिलिवरी हुई है। आने वाले वर्षों में डिलिवरी की रफ्तार तेज होगी। अगले सात-आठ वर्षों तक हर साल 50 से 60 नए विमान मिलने की उम्मीद है। इनमें 10 से 15 वाइड-बॉडी (बड़े) और 45 से 50 नैरो-बॉडी (छोटे) विमान शामिल होंगे。
पुराने विमान अपडेट होंगे
उन्होंने कहा कि पुराने विमान और पुराने केबिन के कारण कंपनी को परिचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन अब बेड़े के आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है। एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों का केबिन अपग्रेड अगले वर्ष के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि बोइंग 777 विमानों के उन्नयन में कुछ अधिक समय लगेगा।


