फुकेत-दिल्ली उड़ान हादसा : 36 हजार फीट पर विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल
- पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव, कार्रवाई की सिफारिश की - एएआईबी की

नई दिल्ली, एजेंसी। फुकेत से दिल्ली आ रहे एयर इंडिया के विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम 36 हजार फीट की ऊंचाई पर एक साथ बंद हो गए थे। इस हादसे में चालक दल के सदस्यों समेत 24 लोग घायल हो गए थे। वहीं, पायलट का ड्रग टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। एएआईबी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।
जांच की स्थिति
एएआईबी ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कहा कि विमान के ग्रीन, ब्लू और येलो हाइड्रोलिक सिस्टम में लगभग एक साथ दबाव खत्म हो गया था। हालांकि, कुछ ही सेकंड में तीनों सिस्टम दोबारा काम करने लगे और विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया। जांचकर्ताओं ने अभी यह निष्कर्ष नहीं निकाला है कि घटना किस वजह से हुई। रिपोर्ट में पायलट के विमान उतरने के बाद प्रतिबंधित मन:प्रभावी पदार्थ के सेवन की पुष्टि होने का भी उल्लेख है। मुख्य पायलट के खिलाफ कार्रवाई की भी सिफारिश की है। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया है कि पायलट द्वारा पदार्थ के सेवन का हाइड्रोलिक सिस्टम खराब होने या विमान की ऊंचाई में आए बदलाव से कोई संबंध था। सह-पायलट की जांच में ऐसा कोई पदार्थ नहीं मिला। एएआईबी ने विमानन नियामक डीजीसीए से मन:प्रभावी पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्राथमिकता के आधार पर उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की है।
हाइड्रोलिक सिस्टम और रखरखाव की जांच
एएआईबी के मुताबिक एयरबस ए320 में ग्रीन, ब्लू और येलो तीन स्वतंत्र हाइड्रोलिक सिस्टम होते हैं, जो विमान के प्रमुख फ्लाइट कंट्रोल और अन्य सिस्टम को शक्ति देते हैं। जांचकर्ता हाइड्रोलिक सिस्टम की खराबी के साथ विमान के रखरखाव रिकॉर्ड की भी जांच कर रहे हैं। हाइड्रोलिक सिस्टम के कुछ हिस्सों को आगे की जांच के लिए विमान से अलग किया है। कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर भी बरामद कर उनका डेटा डाउनलोड किया गया है। बता दें कि फुकेत से उड़ान भरने से पहले विमान की जांच की गई थी और किसी नई खराबी की जानकारी नहीं मिली थी।
प्रारंभिक रिपोर्ट में बदलाव होने की संभावना
एएआईबी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रारंभिक रिपोर्ट है और इसमें बदलाव हो सकता है। अंतिम रिपोर्ट जांच पूरी होने के बाद जारी की जाएगी। जांच का उद्देश्य घटना के संभावित कारणों और उसमें योगदान देने वाले कारकों का पता लगाना है, किसी पर दोष या कानूनी जिम्मेदारी तय करना नहीं।
एयर इंडिया की सफाई
एयर इंडिया ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रही है और जांच एजेंसियों को सभी जरूरी परिचालन, रखरखाव और तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध करा रही है। कंपनी ने कहा कि उसके पायलटों का नियमित प्रशिक्षण, दक्षता परीक्षण, चिकित्सा जांच और अन्य नियामकीय परीक्षण होते हैं। घटना के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों की स्वैच्छिक ड्रग टेस्टिंग शुरू कर दी है।
कुछ सेकंड में बदली विमान की ऊंचाई
एयर इंडिया की उड़ान एआई 2379 में 137 यात्री, छह केबिन क्रू और दो पायलट सवार थे। विमान ने चार अगस्त को सुबह 7:11 बजे फुकेत से उड़ान भरी थी। सुबह करीब 9:10 बजे विमान को 34 हजार से बढ़ाकर 36 हजार फीट की ऊंचाई पर जाने का निर्देश दिया गया। 36 हजार फीट पर उड़ान के दौरान पहले ग्रीन हाइड्रोलिक सिस्टम में दबाव कम होने का पता चला। चार सेकंड बाद ब्लू और येलो सिस्टम में भी दबाव खत्म होने की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद ऑटोपायलट बंद हो गया और लगातार चेतावनी की आवाज आने लगी। इस दौरान विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से करीब 372 फीट ऊपर गया और फिर करीब 292 फीट नीचे आया।
श्रीनगर हवाई अड्डे पर खंभे से टकराया इंडिगो का विमान
श्रीनगर। नवी मुंबई से श्रीनगर के बीच संचालित होने वाला इंडिगो का एक विमान शुक्रवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गया। हादसे में विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। एएआई ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या 6ई 225 (वीटी-एनओजी) को सुबह नौ बजकर दो मिनट पर 'बे' नंबर छह पर खड़ा किया जा रहा था और इसी दौरान विमान 'विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम' (वीडीजीएस) के खंभे से टकरा गया। हवाई अड्डे पर 'बे' वह निश्चित स्थान या क्षेत्र होता है जहां विमान को खड़ा किया जाता है। एएआई ने बयान में कहा, सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इसने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से उतरने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। एएआई ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच करेंगे।


