एम्स ट्रॉमा सेंटर में 47 करोड़ की लागत से हाइब्रिड ओटी बनेगा
एम्स ट्रामा सेंटर में अत्याधुनिक हाइब्रिड ऑपरेशन थियेटर 47 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। इससे गंभीर घायल मरीजों को अलग-अलग स्थानों पर नहीं ले जाना पड़ेगा। पहले टेंडर को प्रशासनिक कारणों से रद्द किया जा चुका था, और अब नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।

नई दिल्ली। एम्स ट्रामा सेंटर में अत्याधुनिक हाइब्रिड ऑपरेशन थियेटर बनाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने सात माह में दूसरी बार टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। यह हाईब्रिड ओटी 47 करोड़ की लागत से बनेगा। इसके बनने से हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों को जांच और सर्जरी के लिए अलग-अलग जगहों पर लेकर भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एम्स प्रशासन ने जनवरी में ओटी बनाने के लिए टेंडर जारी किया था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से एक जुलाई को उसे कर रद्द कर दिया गया था। अब एम्स ने नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू की है, जो रोबोटिक डीएसए (डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी), इंट्राऑपरेटिव इमेजिंग और नेविगेशन सिस्टम से युक्त होगा।
इसमें 128 स्लाइस की सीटी स्कैन मशीन भी होगी। ट्रॉमा, न्यूरो हाइब्रिड प्रोसीजर, ऑर्थोपेडिक से जुड़ी सर्जरी के अलावा जरूरत पड़ने पर एंजियोग्राफी भी हो सकेगी। टेंडर आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित एजेंसी को छह माह में हाईब्रिड ओटी का काम पूरा करना होगा।


