12 से होगा एआई मंथन, देशभर के विश्वविद्यालय होंगे सम्मिलित
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में 12 और 13 सितंबर को 'एआई मंथन 2.0' सम्मेलन आयोजित होगा। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने तैयारियों की समीक्षा की। इस सम्मेलन की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जिसमें 450 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे और एआई तथा शिक्षा पर चर्चा होगी।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 12 और 13 सितंबर को दो दिवसीय सम्मेलन ‘एआई मंथन 2.0’ का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ उसकी समीक्षा सोमवार को हुई। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बैठक की सभी समितियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। दो दिवसीय सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।विवि के सेंटर फॉर एकेडमिक में हुई समीक्षा बैठक में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विभिन्न आयोजन समितियों के समन्वयकों से तैयारियों की जानकारी ली और बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार सम्मेलन में प्रदेश के सभी राज्य, कृषि, तकनीकी और चिकित्सा विश्वविद्यालयों के कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, एआई नोडल अधिकारी तथा विषय विशेषज्ञ सहित 450 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में एआई और शिक्षा को लेकर विशेष मंथन किया जाएगा। विशेषज्ञ एआई से जुड़े अनुसंधान, नवाचार की जानकारी देंगे। साथ ही, शिक्षा को एआई की मदद से कैसे गुणवत्तायुक्त बनाया जाए, इस पर भी चर्चा होगी। इस मंथन से जो निष्कर्ष निकलेगा, उसे शिक्षा में सम्मिलित किया जाएगा।


