कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का औचक निरीक्षण, इफको ई-बाजार पहुंचकर जांची खाद की उपलब्धता
लखीमपुर में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने औचक दौरा किया। उन्होंने 'इफको ई-बाजार' में खाद वितरण व्यवस्था की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से सीधी बात की और कहा कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
लखीमपुर। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को अचानक खीरी का दौरा किया। मंत्री के इस औचक निरीक्षण से स्थानीय कृषि विभाग और खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। शाही सीधे कस्बा महेवागंज स्थित 'इफको ई-बाजार' पहुंचे, जहां उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री ने केंद्र पर उपलब्ध यूरिया और डीएपी खाद के स्टॉक, मांग और दैनिक वितरण रजिस्टर की गहन जांच की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी हाल में लाइन में न लगना पड़े और पारदर्शी तरीके से खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जमीनी हकीकत का पता लगाने के लिए कृषि मंत्री ने मौके से ही उन किसानों को फोन मिलाया जो पहले खाद खरीदकर जा चुके थे।
उन्होंने सीधे किसानों से बातचीत कर पूछा कि उन्हें निर्धारित दर पर बिना किसी परेशानी के खाद मिली या नहीं। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्पष्ट किया कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि खाद की कालाबाजारी या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिली, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


