अतिवृष्टि से 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति वाले किसानों को अनुदान की प्रक्रिया तेज
अगस्त 2026 के अंत में अतिवृष्टि के कारण किसानों के लिए कृषि इनपुट अनुदान का लाभ पहुँचाने की प्रक्रिया तेज की गई है। 40 पंचायतों को चिह्नित किया गया है, जहाँ 35,115 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन की जांच के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई है और नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशानुसार अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह में अतिवृष्टि एवं विभिन्न नदियों के बंधों के फाटक खुलने के कारण नदियों के जलस्तर में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से 33 प्रतिशत से अधिक क्षतिग्रस्त फसलों के लिए कृषि इनपुट अनुदान का लाभ किसानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
प्रभावित पंचायतों की पहचान
इसके तहत प्रभावित एवं प्रतिवेदित पंचायतों के आवेदित किसानों द्वारा दिए जा रहे आवेदनों की जांच एवं निष्पादन विभागीय कार्यान्वयन अनुदेश के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में किया जा रहा है। जिले में अब तक कुल 40 प्रभावित पंचायतों को चिह्नित किया गया है। इनमें बिदुपुर प्रखंड की 4, हाजीपुर की 7, महनार की 6, राघोपुर की 20 तथा सहदेई बुजुर्ग की 3 पंचायतें शामिल हैं। इन 40 पंचायतों में अबतक कुल 35,115 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रभावित फसल का कुल रकबा 8,456.13 हेक्टेयर प्रतिवेदित है।
ऑनलाइन प्रक्रिया का कार्यान्वयन
प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। सर्वप्रथम संबंधित कृषि समन्वयक द्वारा चार दिनों के अंदर फोटो के साथ आवेदन का ऑनलाइन निष्पादन किया जाना है। इसके बाद आवेदन अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के लॉगिन पर जाएगा,जहां इसका निष्पादन दो दिनों के अंदर किया जाना है। इसके उपरांत जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा एक दिन के अंदर आवेदन का निष्पादन किया जाएगा। इसके बाद अपर समाहर्ता के लॉगिन से एक दिन के अंदर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए आवेदन राज्य स्तर पर अग्रसारित किया जाएगा।
नियंत्रण कक्ष की स्थापना
कृषि इनपुट अनुदान से संबंधित आवेदनों के निष्पादन एवं किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए जिला कृषि कार्यालय में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से किसानों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। नियंत्रण कक्ष के लिए संपर्क सूत्र व मोबाइल नंबर एम. अफजल हुसैन, जिला कृषि एवं विपणन पदाधिकारी - 9113466621 सुमित बोरा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी - 8196959670 विकास कुमार, ऑपरेटर - 8340403205 कृषक कृषि इनपुट अनुदान से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहयोग के लिए संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी से भी संपर्क कर सकते हैं। अनुमंडल कृषि पदाधिकारी: हाजीपुर - 9031645219 महुआ - 9031645220 महनार - 9031645221 प्रखंड कृषि पदाधिकारी: महनार - 8887649476 हाजीपुर - 9102303731 बिदुपुर - 8789220544 राघोपुर - 9430218724 सहदेई बुजुर्ग - 9006563654 -अमिताभ सिंह


