स्टेयरिंग फेल होने पर फेंसिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे गिरी कार
- काकोरी के पास आगरा एक्सप्रेस वे पर हुए हादसे में चालक समेत सात घायल स्टेयरिंग फेल होने पर फेंसिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे गिरी कार

आगरा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार का स्टेयरिंग फेल हो गई। ऐसे में कार एक्सप्रेस-वे पर बाईं ओर लगी फेंसिंग तोड़ते हुए 20 फीट नीचे खंती में जाकर गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई। हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हो गए। सभी को यूपीडा की सुरक्षा टीम एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां से चार यात्री को प्राथमिक इलाज देकर छुट्टी दे दी गई। तीन लोग भर्ती हैं। आगरा निवासी निजी कंपनी में कार्यरत पुनीत ने बताया कि भाई गजेंद्र बाराबंकी में नौकरी करता है। शनिवार को उनकी बेटी का जन्मदिन है, जिसके लिए वह आगरा अपने गांव आ रहा था। आगरा एक्सप्रेस वे के जीरो पॉइंट किराये पर चलने वाली कार पर बैठ गए। कार दिल्ली निवासी चालक रवि चला रहा था। कार में चार लोग पहले से सवार थे, जिसमें गुजरात के साहिबान सिंह, गुलजार, सत्यवीर, उमेश, पंकज थे। तेज रफ्तार कार आगरा एक्सप्रेस वे के 298 किमी पॉइंट पर काकोरी बड़ा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की फेंसिंग (जाली) को तोड़ कर 20 फुट नीचे जा गिरी। कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चालक समेत सभी जख्मी हो गए। यूपीडा टीम को चालक रवि ने बताया कि कार का स्टेयरिंग फेल हो गया था, जिससे कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे से नीचे पलट गई। काकोरी पुलिस ने पहुंचकर जरूरी कार्रवाई की。
तमंचे के साथ रील बनाना पड़ गया मुसीबत
तमंचे के साथ रील बनाना पड़ गया मुसीबत, आरोपी गिरफ्तार
- करीब चार साल पहले बनाया था तमंचे के साथ फोटो, वीडियो
- अब रील वायरल हुई तो दुबग्गा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
काकोरी, संवाददाता। काकोरी के एक युवक को तमंचे के साथ रील बनाना महंगा पड़ गया। करीब चार पहले तमंचे के साथ बनाई गई फोटो, वीडियो की रील अब किसी साथी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई। वायरल रील के जरिए दुबग्गा पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी को तमंचे, कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
दुबग्गा के बरावन कला निवासी सिद्धनाथ साहू के बेटे शिवम साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि आरोपी शिवम के पास से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुआ है। दरोगा लवकुश यादव ने बताया कि शिवम ने पूछताछ में यह कहा कि उसने करीब चार साल पहले तमंचे के साथ वीडियो, फोटो की रील बनवाई थी। यह रील उसने अपने कुछ दोस्तों को भेज दिया था। वह रील अब दोस्तों, ग्रामीणों के जरिए तेजी से वायरल हो गई। आरोपी ने यह भी कबूला कि वह लोगों पर रौंब गांठने के लिए तमंचा साथ रखता था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने तमंचा और कारतूस कहां से खरीदा था। पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है。


