पौड़ी में आंगनबाड़ी का मांगों को लेकर प्रदर्शन
पौड़ी। आंगनबाड़ी सेविका कर्मचारी यूनियन ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। कार्यकत्रियों ने सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ाने, ग्रेच्युटी और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने, गर्भपात की स्थिति में अवकाश देने की मांग शामिल है।
पौड़ी। आंगनबाड़ी सेविका कर्मचारी यूनियन ने सीटू के बैनर तले मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। इस दौरान कार्यकत्रियों ने सरकार पर मांगों की अनदेखी और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जल्द मांगें पूरी करने की मांग की। यूनियन की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी घोषित कर न्यूनतम 26 हजार रुपये मानदेय देने, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार ग्रेच्युटी और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने, गर्भपात की स्थिति में 45 दिन का अवकाश लागू करने तथा अतिरिक्त 10 दिन का चिकित्सा अवकाश देने की मांग शामिल रही।
मांगों की पूरी सूची
कार्यकत्रियों ने बाल विकास विभाग के अलावा अन्य विभागों का कार्य नहीं दिए जाने, आंगनबाड़ी केंद्रों का भवन किराया माता समिति या कार्यकत्री के खाते में दिए जाने, विभाग की ओर से पंजिकाएं उपलब्ध कराने, स्कूलों की तर्ज पर गर्मी और सर्दी का अवकाश देने तथा दूसरे केंद्र का अतिरिक्त कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को अतिरिक्त मानदेय देने की भी मांग उठाई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि मार्च 2024 में आंदोलन के दौरान सरकार ने मानदेय बढ़ाने के लिए कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से सभी मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की। धरने में जिला अध्यक्ष नीमा रावत, जिला सचिव शिखा कोली समेत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।


