कोटाबाग में अक्तूबर में पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का रोमांच
नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक तीन दिवसीय पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। यह फेस्टिवल अक्टूबर 2026 में होगा और इसमें अनुभवी पैराग्लाइडर्स भाग लेंगे। इस अवसर पर स्थानीय संस्कृति और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

नैनीताल, संवाददाता। नैनीताल जिले के कोटाबाग क्षेत्र को साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर लाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पर्यटन विकास विभाग अक्तूबर 2026 में कोटाबाग में तीन दिवसीय पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का आयोजन करेगा।जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या ने बताया, कि फेस्टिवल आयोजन के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कोटाबाग की भौगोलिक स्थिति और प्राकृतिक सुंदरता पैराग्लाइडिंग के लिए बेहद अनुकूल है। यहां की ऊंची पहाड़ियां, खुली घाटी और अनुकूल हवाएं इसे इस साहसिक खेल के लिए आदर्श बनाती हैं। फेस्टिवल में देशभर के अनुभवी पैराग्लाइडर्स प्रतिभाग करेंगे और अपने करतबों से रोमांच का अनुभव कराएंगे।
तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में पैराग्लाइडिंग के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। फेस्टिवल से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। होम स्टे, गाइड, परिवहन और अन्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


