पीजीआई में सिर-गर्दन की सर्जरी का इंतजार होगा कम
-पीजीआई में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर शुरू -हेड एंड नेक सर्जरी विभाग में शुरू हुई नई

-3डी डिजिटल माइक्रोस्कोप और 4के एंडोस्कोपी सिस्टम का भी शुभारंभ
लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता।
पीजीआई के हेड एंड नेक सर्जरी विभाग में मरीजों को बड़ी राहत मिली है। विभाग में शुक्रवार को अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर (ओटी) शुरू कर दिया गया। नई ओटी सेवा शुरू होने से कान, नाक, गला तथा सिर और गर्दन की बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की सर्जरी का इंतजार कम होगा। जटिल ऑपरेशन अधिक सुरक्षित व सटीक तरीके से किए जा सकेंगे। इसके साथ ही संस्थान में पहली बार रोबोटिक 3डी डिजिटल माइक्रोस्कोप (एक्सोस्कोप) और 4के एंडोस्कोपी सिस्टम की भी शुरुआत की गई।
नई ओटी का उद्घाटन
नई ओटी और आधुनिक उपकरणों का उद्घाटन पीजीआई के निदेशक पद्मश्री डॉ. आरके धीमन ने किया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे। विभागाध्यक्ष डॉ. अमित केशरी ने बताया कि नया 3डी डिजिटल एक्सोस्कोप सर्जरी की सटीकता और सुरक्षा को नई ऊंचाई देगा। यह तकनीक पारंपरिक माइक्रोस्कोप और आधुनिक एंडोस्कोप की खूबियों को एक साथ जोड़ती है। इसमें इंडोसायनिन ग्रीन (आईसीजी) फ्लोरोसेंस इमेजिंग जैसी सुविधा भी उपलब्ध है। जिससे जटिल ऑपरेशन के दौरान शरीर के सूक्ष्म अंगों और रक्त वाहिकाओं को अधिक स्पष्टता से देखा जा सकेगा। निदेशक ने बताया कि हाई-डेफिनिशन 3डी डिजिटल मॉनिटर पर पूरी ऑपरेटिंग टीम एक साथ ऑपरेशन की प्रक्रिया देख सकेगी। यह तकनीक विशेष रूप से कान की जटिल सर्जरी, लेटरल स्कल बेस और सिर एवं गर्दन के पुनर्निर्माण संबंधी ऑपरेशन में उपयोगी साबित होगी।


