किसान पुत्र आदित्य ने नीट में हासिल की 141वीं ऑल इंडिया रैंक
रातू के गुडू गांव के किसान परिवार के बेटे आदित्य रंजन ने नीट यूजी 2026 में 141वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की है। आदित्य ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और भौतिक विज्ञान में 100 में 100 अंक हासिल किए। उनका सपना एम्स से डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है।

रातू, प्रतिनिधि। प्रखंड के केवला मोड़, गुडू गांव के किसान परिवार के बेटे आदित्य रंजन ने नीट यूजी 2026 में प्रथम प्रयास में 141वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुरेंद्र महतो के पुत्र आदित्य शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने सीबीएसई इंटरमीडिएट 2026 परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि भौतिक विज्ञान में 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सामान्य आर्थिक स्थिति वाले किसान परिवार से आने वाले आदित्य की सफलता में उनके दादाजी मोतीलाल महतो और चाचा राधिका प्रसाद महतो का विशेष योगदान रहा। परिवार ने सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
परिणाम घोषित होने के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने आदित्य को बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।एम्स से डॉक्टर बनकर करना चाहते हैं सेवा:आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादाजी, चाचा और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना देश के प्रतिष्ठित एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनना और समाज की सेवा करना है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


