चीफ ने की अधिशासी अभियंता पर कार्रवाई की संस्तुति
वाराणसी में ट्रॉली ट्रांसफार्मर की समस्याओं पर पूर्वांचल डिस्कॉम के एमडी संदीप कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्य अभियंता अनिल वर्मा ने लापरवाही के लिए अभियंता हरिओम सोनी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की है। ट्रॉली ट्रांसफार्मरों की रिपोर्ट की मांग की जा रही है और दोषी अभियंताओं पर कार्रवाई की जाएगी।

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। शहर में लंबे समय से ट्रॉली ट्रांसफार्मर से सप्लाई देने और लोगों को हो रही परेशानी पर पूर्वांचल डिस्कॉम के एमडी संदीप कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर मुख्य अभियंता (वितरण) अनिल वर्मा ने बुधवार को नगरीय विद्युत वितरण खंड-सारनाथ के अधिशासी अभियंता हरिओम सोनी को लापरवाही का दोषी मानते हुए उनके खिलाफ नियम-10 के तहत कार्रवाई की संस्तुति की है। मुख्य अभियंता ने यह कार्रवाई ‘हिन्दुस्तान’ में 28 सितंबर को छपी खबर का संज्ञान लेते हुए की है। उन्होंने बताया कि सभी डिविजनों से ट्राली ट्रांसफार्मर की रिपोर्ट मांगी जा रही है। जहां लंबे समय से ट्राली फसी रहने की जानकारी मिलेगी, वहां के अभियंताओं पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
चीफ ने बताया कि सारनाथ खंड की विजिलेंस कॉलोनी प्रेमचंदनगर में 630 केडब्ल्यूएच का ट्रॉली ट्रांसफार्मर एक सितंबर तथा सोनातालाब हनुमान मंदिर के पास 400 केडब्ल्यूएच का ट्रॉली ट्रांसफार्मर 12 सितंबर से लगा हुआ है। तीन दिन के अंदर उन्हें हटाकर स्थायी ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दरकिनार कर दिया गया। मुख्य अभियंता ने बताया कि अवर अभियंता की आईडी नहीं बनी है, इस कारण पीआर की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही। यह अधिक गंभीर बात है।

