जिले में लिंगानुपात 870, इसमें सुधार को एक्शन प्लान पर होगा काम
मुजफ्फरपुर में लिंगानुपात 870 है, जिसे सुधारने के लिए एक्शन प्लान पर काम किया जा रहा है। प्रभारी सचिव ने आकांक्षी जिला एवं प्रखंड की समीक्षा बैठक में इस पर जोर दिया। लिंगानुपात और स्कूलों में नामांकन में वृद्धि के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे, और विभिन्न इंडिकेटर्स की समीक्षा की गई।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। जिले में लिंगानुपात 870 है। इसमें सुधार को एक्शन प्लान पर काम होगा। मंगलवार को प्रभारी सचिव ने आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड से संबंधित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया। क्षेत्र में लिंगानुपात और स्कूलों में नामांकन पर फोकस किया गया है। इन दोनों को बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। अपर सचिव, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार सह प्रभारी सचिव सुनील कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड से संबंधित समीक्षात्मक बैठक हुई। इसमें सभी इंडिकेटर पर विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत 49 इंडिकेटर्स तथा आकांक्षी प्रखंड के तहत 39 इंडिकेटर्स शामिल हैं।
एडीपी के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, आधारभूत संरचना तथा वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास थीम पर विभागवार समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि अनेक इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत उपलब्धि है। कुल गर्भधारण की तुलना में एएनसी के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की संख्या में काफी अच्छी प्रगति है। जुलाई में इसमें 179 प्रतिशत उपलब्धि पाई गई है।डीएम ने कहा कि जिन इंडिकेटर्स पर कमी है, उनकी समीक्षा एवं गैप एनालिसिस की जा रही है। इन कमियों को जल्द दूर करेंगे। कहा कि लिंगानुपात 870 है। इसमें सुधार लाने के लिए प्रयासरत हैं। एक्शन प्लान के अनुसार कार्य किया जा रहा है। संस्थागत प्रसव में सुधार लाने के लिए बहुआयामी कार्य किया जा रहा है। विद्यालयों में बच्चों के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक में सिविल सर्जन, जिला योजना पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी आदि थे।


