चिनहट में सोलर कंपनी के दफ्तर में तेजाब हमला
लखनऊ के चिनहट स्थित एल्डिको तिराहे पर एक सोलर पैनल कंपनी के दफ्तर में मंगलवार को चार लोगों पर तेजाब से हमला हुआ। एक नकाबपोश युवक घुसकर तेजाब उड़ेलकर भाग गया। घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ, संवाददाता।लखनऊ के चिनहट स्थित एल्डिको तिराहे पर मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना हुई। मीन मंजिला कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में मेधा सोलर नाम की सोलर पैनल कंपनी के दफ्तर में मीटिंग चल रही थी। तभी मुंह पर गमछा बांधे एक नकाबपोश युवक हाथ में मग लेकर अंदर घुसा और बिना कुछ कहे उसने मौजूद चारों लोगों, अयोध्या निवासी फर्म संचालक, जौनपुर निवासी युवती और दो युवकों पर तेजाब उड़ेल दिया। तेजाब की छींटे पड़ते ही दफ्तर में अफरातफरी मच गई। हमलावर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग वहां पहुंचे और चारों घायलों को तुरंत चिनहट सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।चिनहट
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के अनुसार, फर्म संचालक की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पीड़ितों ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। जांच जारी है।


