पॉक्सो के फरार आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, दबोचा
सौरिख में पॉक्सो एक्ट में वांछित आरोपी अंकुल को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी ने कोर्ट परिसर से फरार होने के बाद पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसे गोली मारी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सौरिख, संवाददाता। पॉक्सो एक्ट में वांछित और पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हुए आरोपी को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया गया। थाना सौरिख पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के तीन बजे ग्राम दानपुर के पास पानी की टंकी के नजदीक घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पकड़ा गया आरोपी अंकुल पुत्र पन्नालाल जाटव निवासी पुरवानैन, थाना सौरिख पहले से ही पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार, आरोपी 30 अगस्त को कोर्ट में पेशी के दौरान अंगूठा निशान की प्रक्रिया के बहाने पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
गुरुवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी सौरिख भेजा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


