हत्या के मामले में आरोपी युवक का रेलवे लाइन पर क्षत विक्षत शव मिला
- तीन साल पहले पुलिस ने हत्या के मामले में भेजा था युवक को जेल

मोहनलालगंज, संवाददाता।
हत्या के मुकदमे में आरोपी सचिन कश्यप (25) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बुधवार सुबह पुरसेनी रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर सचिन का क्षत विक्षत शव मिला। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस पहुंची। बताया जा रहा है कि युवक हत्या के मुकदमे को लेकर काफी समय से परेशान चल रहा था।
व्यक्तिगत जानकारी
गोपालखेड़ा निवासी रामखेलावन का बेटा सचिन कश्यप एक निजी कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। पिता के मुताबिक करीब तीन साल पहले उनके पड़ोसी अमन की हत्या हुई थी। इस मामले में सचिन को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने नवंबर 2023 में उसे जेल भेजा था। जेल से वापस आने के बाद से ही सचिन मुकदमे को लेकर तनाव में रहता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार शाम सचिन ड्यूटी के बाद घर आया था। कुछ देर घर पर रुका। फिर वह मोबाइल और छाता लेकर पैदल घर से निकल गया था। देर रात तक सचिन जब घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन सचिन के बारे में कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह पुरसेनी रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर उसका शव पड़े होने की सूचना परिजनों को मिली। पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। शव के पास मोबाइल और छाता भी मिला था। पुलिस के मुताबिक मौके पर मिले सामान और शुरुआती जांच से सचिन के ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी किए जाने की आशंका जाहिर की जा रही है। मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि हत्या के मुकदमे में आरोपी होने की वजह से सचिन के मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगा था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिवार में पिता रामखेलावन, मां रजनी, भाई विपिन, बहन पूनम है।


