सड़कें टूटने पर ठेकेदार ही नहीं बड़े इंजीनियरों की भी जिम्मेदारी तय होगी
लखनऊ: शासन ने सड़क टूटने की घटनाओं के बाद ठेकेदारों और इंजीनियरों पर कार्रवाई का निर्णय लिया है। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे और राम वन गमन मार्ग जैसे हाल की घटनाओं से सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। अब अधीक्षण और मुख्य अभियंता की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

जेई, एई, एक्सईएन ही नहीं अधीक्षण और मुख्य अभियंता पर भी कार्रवाई होगी लखनऊ। विशेष संवाददाता
कार्यवाही का कारण
कई हाईवे और एक्सप्रेसवे के टूटने के बाद शासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। अब सड़क टूटने पर ठेकेदार ही नहीं बल्कि इंजीनियरों की भी जवाबदेही तय होगी। सिर्फ एई, जेई ही नहीं बल्कि अधीक्षण और मुख्य अभियंता को भी पर्यवेक्षण में लापरवाही का दोषी मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। शासन ऐसे प्रावधान करने जा रहा है।
हालिया घटनाएँ
हाल के दिनों में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे, प्रयागराज में राम वन गमन मार्ग के टूटने की घटनाओं से शासन सतर्क हो गया है। लोक निर्माण विभाग की सड़क परियोजनाओं के निर्माण में लापरवाही पर बड़ों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। यह प्रोजेक्ट भले ही एनएचआई के रहे हों लेकिन इससे गलत संदेश गया। कानपुर एक्सप्रेसवे के धंसने, टूटने का सिलसिला लंबे समय तक जारी रहा। इससे बड़ी किरकिरी हुई।
नए प्रावधान
मौजूदा समय में सड़क परियोजनाओं के निर्माण में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार के खिलाफ ही कार्रवाई होती है। क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण और जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही प्रोजेक्ट की करीब से निगरानी करने वाले जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर तथा एक्सईएन के खिलाफ ही विभागीय कार्रवाई होती है। अब विभाग ने परियोजनाओं के पर्यवेक्षण के लिए जिम्मेदार अधीक्षण और मुख्य अभियंता की जवाबदेही तय करने जा रहा है। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने बताया कि टेंडर शर्तों के मुताबिक पांच वर्ष तक सड़क के मेंटीनेंस की जिम्मेदारी ठेकेदार की होती है लेकिन अब लापरवाही साबित होने पर जुर्माने के साथ उसे ब्लैक लिस्टेड भी किया जाएगा। इसके साथ ही अधीक्षण और मुख्य अभियंता की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। विभाग ठेकेदार के साथ विभागीय उच्चाधिकारियों की जवाबदेही और दंड का प्रावधान कर रहा है। जल्दी ही आदेश जारी किया जाएगा।


