एक्सप्रेस वे पर ट्रक से टकरायी स्लीपर बस,10 घायल
यमुना एक्सप्रेस वे पर एक स्लीपर कोच बस का ट्रक से टकराने के परिणामस्वरूप 10 लोग घायल हो गए। घटना तड़के पौने तीन बजे हुई, जब बस चालक को नींद की झपकी आई। पुलिस और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।

थाना नौहझील के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस वे पर आगरा से दिल्ली की ओर जाते समय तड़के करीब पौने तीन बजे माइलस्टोन-75 के समीप आगे चल रहे ट्रक में पीछे से अनियंत्रित स्लीपर कोच बस टकरा गई। इस घटना में बस चालक-परिचालक समेत 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को काफी मशक्कत के बाद बस से निकलवाकर एंबुलेंस की मदद से उपचार को भिजवाया। स्लीपर कोच बस चालक सुनीलदत्त निवासी सतवीणा, फूलपुर, आजमगढ़ लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली जा रहा था। तड़के करीब पौने तीन बजे आगरा से यमुना एक्सप्रेस वे होते हुए नोएडा की ओर जा रहे थे। नौहझील क्षेत्र में बाजना कट के समीप माइलस्टोन-75 के समीप से नोएडा की ओर जा रहे ट्रक में पीछे से स्लीपर कोच बस टकरा गई। तेज धमाके के साथ बस के टकराने से उसका आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से सवारियों की चीख मच गयी, वहीं ट्रक रोड पर पलट गया। इस दौरान राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पीआरवी टीम के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक नौहझील अंजीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना कर मामले की जानकारी की.
ये यात्री हुए घायल
घटना में चालक सुनील दत्त (44) के अलावा परिचालक नीरज निवासी मच्छीतला, लखनऊ, अभय शुक्ला निवासी बेहलोतपुर, बाराबंकी, बंटी शर्मा, इला शर्मा निवासी लक्ष्मी नगर, दिल्ली, रुचि अग्रवाल, अदित अग्रवाल निवासीगण लक्ष्मीनगर, दिल्ली, शिवम सिंह निवासी रामजी माली, अमेठी, गोपाल भारद्वाज निवासी बारहठ, मिहोना, भिंड, मध्यप्रदेश, शिव सिंह निवासी जमली मोहनगंज, अमेठी, अजीम रहमान निवासी रमंत कॉलोनी, रमेश नगर दिल्ली भी घायल हो गये। पुलिस ने टोल टीम व राहगीरों के सहयोग से बस में फंसे घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार को भिजवाया। वहीं क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। इस दौरान करीब एक घंटे यातायात प्रभावित रहा। बस की अन्य करीब दो दर्जन सवारियों को अन्य वाहनों से गंतव्य को भिजवाया गया.
नींद की झपकी बनी हादसे का कारण
एक्सप्रसे वे पर देर रात नौहझील क्षेत्र में हुए हादसे में गनीमत रही कि कोई सवारी हताहत नहीं हुई। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए मामले जानकारी की। पुलिस के अनुसार बस चालक को नींद की झपकी आने के चलते बस अनियंत्रित होकर ट्रक में टकराई थी। इससे सवारियां एक-दूसरे के ऊपर गिर कर घायल हुई।


