वाणिज्य कर की टीम को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी
योगे सागर -हादसे में राज्य कर अधिकारी समेत विभाग के तीन कर्मचारी और संदिग्ध वाहन के पास खड़े दो अन्य लोग घायल

गाजियाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। मसूरी क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध माल से भरे वाहन की जांच करने पहुंची वाणिज्य कर विभाग की सचल दल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में राज्य कर अधिकारी समेत विभाग के तीन कर्मचारी और संदिग्ध वाहन के पास खड़े दो अन्य लोग घायल हो गए। मामले में मसूरी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राज्य कर अधिकारी दिव्यांश मोहन ने बताया कि वह वाणिज्य कर विभाग की एमएस-08 यूनिट जीजेडबी-दो में तैनात हैं। 15 अगस्त की रात वह अपनी सचल दल की सरकारी गाड़ी में चालक रवि प्रकाश शुक्ला, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार और सेवक तुमबन सिंह के साथ मोबाइल ड्यूटी पर थे।
राज्य कर अधिकारी के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर बाईं तरफ एक संदिग्ध वाहन खड़ा दिखाई दिया। वाहन में काफी मात्रा में माल भरा हुआ था। टीम ने कुछ दूरी पर अपनी गाड़ी रोक दी और उसके पास पहुंचकर जांच की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में वह, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र कुमार और कांस्टेबल गौरव कुमार चपेट में आकर घायल हो गए।उपचार के बाद राज्य कर अधिकारी 16 अगस्त को मसूरी थाने पहुंचे और घटना के संबंध में लिखित शिकायत दी। एसीपी मसूरी सुनील कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


