औरैया में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दौड़ती ओमनी बनी मौत का जाल, पलटते ही चीख-पुकार
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ओमनी कार का टायर फट गया, जिससे बड़ा हादसा हुआ। कार पलट गई और इसमें सवार नौ मजदूर घायल हो गए। एक की हालत गंभीर है, जिसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हादसा सुबह चार बजे अछल्दा थाना क्षेत्र में हुआ।

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के तेज रफ्तार ओमनी कार का आगे का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर कार कई पलटे खाती हुई सड़क पर जा गिरी। हादसे में चालक समेत नौ मजदूर घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि दो घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब चार बजे अछल्दा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पोल संख्या 270.2 के पास ग्राम तुर्कपुर के निकट हुआ। ओमनी कार पीलीभीत जिले के ग्राम मरोड़ी, थाना न्यूरिया के मजदूरों को लेकर उरई जा रही थी।
सभी धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने जा रहे थे। तभी कार का आगे का टायर अचानक फट गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेसवे कर्मी और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश चंद्र पुलिस बल के साथ पहुंच गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा भेजा गया। घायलों में जगदीश की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं छत्रपाल और रामचंद्र का अछल्दा सीएचसी में इलाज चल रहा है। अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


